आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बंपर जीत दर्ज की। वहीं बीजेपी का भी आंकडा तीन से बढ़कर आठ तक पहुंच गया लेकिन कांग्रेस जीरो पर ही रह गई। 63 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारो की ज़मानत तक ज़ब्त हो गई। इस करारी शिकस्त के बावजूद कांग्रेस के बड़े नेता उत्साह के साथ अरविंद केजरीवाल के लिए बधाई के शब्द बोल रहे हैं जिसके बाद कांग्रेस में घमासान मच गया है।
केजरीवाल की जीत पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने एक ट्वीट किया। इस ट्वीट के बाद कांग्रेस में घमासान बढ़ गया। चिदंबरम ने क्या ट्वीट किय़ा, “AAP की जीत हुई...धोखे और डर की हार हुई...दिल्ली में भारत के सभी जगह के लोग हैं, उन्होंने बीजेपी के ध्रुवीकरण, विभाजनकारी और खतरनाक एजेंडे को हराया है। मैं दिल्ली के लोगों को सलाम करता हूं जिन्होंने बाकी राज्यों के लिए एक उदाहरण पेश किया है जहां 2021 और 2022 में चुनाव है।“
दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इस ट्वीट को लेकर चिदंबरम पर निशाना साधा और कहा कि क्या कांग्रेस ने बीजेपी को हराने का काम आउटसोर्स कर दिया है। शर्मिष्ठा ने ट्वीट किय़ा, “सर, बस मैं इतना जानना चाहती हूं कि क्या कांग्रेस ने बीजेपी को हराने का काम क्षेत्रीय पार्टियों को आउटसोर्स किया है। अगर नहीं तो आप आम आदमी पार्टी की जीत पर गर्व क्यों कर रहे हैं? और अगर ऐसा है तो हमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बंद कर देना चाहिए।“